जीएसटी सुधारों से कारोबार को कितनी राहत? CMAs के दृष्टिकोण से समझिए पूरा गणित
GST Council के निर्णयों पर CMAs का दृष्टिकोण
GST सुधारों से कारोबार को कितनी राहत? 10 CMAs ने रखे अपने विचार, अनुपालन से लेकर कैश फ्लो तक पर हुई अहम चर्चा
विशेष रिपोर्ट | PC NEWS | WEALTH WISE
नई दिल्ली/लखनऊ। वस्तु एवं सेवा कर (GST) व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और कारोबारियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में प्रस्तावित सुधारों को लेकर कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स (CMAs) ने अपने विचार साझा किए हैं। इन विशेषज्ञों के अनुसार, GST सुधारों की सफलता केवल टैक्स दरों में बदलाव तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका वास्तविक लाभ व्यापारियों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) और अन्य करदाताओं तक पहुँचना भी जरूरी है।
GST अनुपालन की जटिलताएँ, रिफंड में देरी, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC), पेनल्टी, कर संबंधी नोटिस और कार्यशील पूंजी के प्रबंधन जैसे मुद्दे कारोबार के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि नियमों की स्पष्टता, समयबद्ध प्रक्रियाएँ और करदाताओं के प्रति पारदर्शी व्यवस्था व्यवसायों की लागत कम करने तथा आर्थिक गतिविधियों को गति देने में सहायक हो सकती हैं।
57वीं GST परिषद की बैठक से जुड़े सुधारों के संदर्भ में 10 CMAs ने अपने विचार रखे। प्रस्तुत विचारों में करदाता हित, अनुपालन में सरलता, वित्तीय प्रबंधन और कारोबारी विकास जैसे महत्वपूर्ण पहलू सामने आए।
1. CMA कविता तिवारी
57वीं GST Council बैठक GST व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और करदाता-अनुकूल बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम है। अनुपालन प्रक्रिया को आसान बनाने, रिफंड में तेजी लाने और कारोबारियों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना सराहनीय है। एक प्रैक्टिसिंग CMA के रूप में मेरा मानना है कि GST सुधारों का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब MSMEs और छोटे व्यापारियों पर अनुपालन का बोझ कम हो, नियमों में स्पष्टता आए और ईमानदार करदाताओं को अनावश्यक विवादों से राहत मिले।
2. CMA सुमेधा राठौर
जीएसटी काउंसिल के नए फैसलों से छोटे व्यापारियों को रजिस्ट्रेशन कराने, ITC का लाभ लेने और रिटर्न भरने में आसानी होगी। साथ ही, टैक्स से जुड़े नोटिस और विवाद कम होंगे और जुर्माने में भी राहत मिलेगी। इन फैसलों से छोटे व्यापारियों को कम कागजी कार्रवाई के साथ अपना कारोबार चलाने में मदद मिलेगी।
3. CMA सुधा बवेजा
जीएसटी काउंसिल द्वारा जीएसटी रिफंड प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने की पहल स्वागत योग्य है। इससे विशेषकर छोटे और मध्यम व्यवसायों को आर्थिक राहत मिल सकती है। हालांकि, इसका वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब रिफंड समय पर मिले और करदाताओं के हितों के साथ सरकारी राजस्व की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए।
4.CMA शिवानी पारीक
अब फोकस टैक्स रेट बदलने से हटकर GST के तहत काम करने वाले बिज़नेसेज़ का एक्सपीरियंस बेहतर बनाने पर शिफ्ट हो रहा है। कुछ चैलेंजेज़ तो आ सकते हैं, लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि काउंसिल जैसे-जैसे इश्यूज़ आएँगे, उनका सॉल्यूशन निकाल लेगी।
मेरी राय में सबसे बड़ा इकॉनमिक इम्पैक्ट ये होगा: कैश फ्लो इम्प्रूव होगा, स्मॉल बिज़नेसेज़ के लिए स्केलिंग आसान हो जाएगी, और प्रोडक्टिविटी भी बढ़ेगी।
5. CMA श्रद्धा सिंह
57वीं GST परिषद की बैठक, 8 अक्टूबर 2026 को आयोजित हुई, जिसमें GST व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और कारोबार-अनुकूल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुधारों की सिफारिश की गई।प्रमुख प्रस्तावों में अभियोजन की सीमा ₹1 करोड़ से बढ़ाकर ₹5 करोड़ करना, अधिकतम सामान्य जुर्माने को ₹25,000 से घटाकर ₹10,000 करना, पात्र करदाताओं के लिए रिफंड प्रक्रिया तेज करना और छोटे कारोबारियों के लिए पंजीकरण आसान बनाना शामिल है। इसके साथ ही, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) से जुड़े प्रावधानों में सुधार, विलंब शुल्क में राहत और निर्यात को प्रोत्साहन देने पर भी जोर दिया गया है। GST 2.0 का उद्देश्य केवल कर प्रक्रिया को आसान बनाना नहीं, बल्कि विश्वास, पारदर्शिता और सतत व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देना भी है।
6. CMA तनीष्का गर्ग
जीएसटी परिषद के फैसलों का स्वागत करते हुए CMA तानिष्का ने इसे कारोबार को सुगम बनाने और वित्तीय प्रबंधन को बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके अनुसार, जीएसटी अनुपालन प्रक्रियाओं में सरलता, पेनल्टी में राहत और नकदी प्रवाह में सुधार से MSMEs सहित विभिन्न उद्योगों को लाभ मिलेगा। इन फैसलों से कार्यशील पूंजी का बेहतर प्रबंधन, अनुपालन लागत में कमी और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।
7. CMA इंदरमीत कौर
व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने के लिए GST प्रणाली में कई अहम बदलावों को मंजूरी दी गई है। नोटिस से पूर्व अनिवार्य सूचना: करदाताओं को अब अचानक नोटिस का सामना नहीं करना पड़ेगा। नए प्रस्ताव के अनुसार, औपचारिक GST डिमांड नोटिस जारी करने से पहले करदाताओं को पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा।
8. CMA पूजा सैनी
GST प्रणाली में व्यापार सुगमता बढ़ाने के लिए नोटिस प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना आवश्यक है। करदाताओं को पूर्व सूचना और अपना पक्ष रखने का उचित अवसर मिलने से अनावश्यक विवाद कम होंगे। एक प्रैक्टिसिंग CMA के रूप में मेरा मानना है कि सरल नियम और पारदर्शी प्रक्रिया से करदाताओं का विश्वास बढ़ेगा।
9. CMA हेमंत सोलंकी
कर सुधार से कारोबार विस्तार तक: GST बने विकास का आधार GST में सुधार, डिजिटल अनुपालन और पारदर्शी कर व्यवस्था भारत के व्यापारिक भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं।व्यापारियों के लिए सही टैक्स प्लानिंग, समय पर रिटर्न और सटीक अकाउंटिंग आज सफलता की अनिवार्य शर्तें हैं। जागरूक करदाता ही अनावश्यक विवादों से बचकर अपने व्यवसाय को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकता है।
10. CMA आर्यन मिश्रा
मेरे हिसाब से GST में बार-बार टैक्स की दरें बदलने से ज्यादा जरूरी है कि व्यापारियों को नियमों के पालन में कम परेशानी हो। सरकार के फैसले तभी सार्थक होंगे, जब उनका फायदा कागजों से निकलकर कारोबारियों तक पहुँचे और GST की जटिलताओं में उलझने के बजाय वे अपने कारोबार पर ध्यान दे सकें।
PC NEWS | WEALTH WISE
सत्ता से सवाल, जनता के साथ






Users Today : 7